मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर ललितपुर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू
सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित ललितपुर आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को लेकर यातायात पुलिस ने नगर क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कार्यक्रम के दौरान सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक नगर में भारी वाहनों के प्रवेश और निकास पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यातायात विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार वर्णी चौराहा से कलेक्ट्रेट चौराहा होते हुए तुवन चौराहा स्थित मुख्य प्रवेश द्वार तक के मार्ग को नो-ट्रैफिक जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में आम वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले सभी दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों को वर्णी चौराहे से डायवर्ट कर डैम रोड और करीमनगर मार्ग से सावरकर चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं गोविंदनगर से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले वाहनों को सदर कांटा से मोड़कर पानी की टंकी, अभिलाषा और सदनशाह मार्ग के जरिए स्टेशन की ओर निकाला जाएगा। कोतवाली ललितपुर, साईं मंदिर तथा महिला थाना मार्ग से किसी भी वाहन को तुवन चौराहा की ओर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा स्वयंवर मैरिज गार्डन की ओर से आने वाले वाहनों को भी तुवन चौराहा की ओर नहीं जाने दिया जाएगा और उन्हें वर्णी चौराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। एच.के. टेलर की ओर से आने वाले वाहनों को करीमनगर मार्ग से मोड़कर वर्णी चौराहे की ओर भेजा जाएगा। यातायात पुलिस ने बताया कि वर्णी चौराहा तथा जिला न्यायालय के प्रवेश द्वार से किसी भी वाहन को कलेक्ट्रेट की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को क्रमश: डैम रोड और बीएसपी कार्यालय मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए विभिन्न श्रेणी के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा बसों की पार्किंग के लिए गिन्नौट बाग एवं अभिलाषा पेट्रोल पंप के पीछे स्थित मैदान में, हल्के एवं मध्यम वाहनों की पार्किंग के लिए रिमझिम गार्डन तथा आवश्यकता पडऩे पर एलाइट चौराहा स्थित एमईएस ग्राउंड में और वीआईपी वाहनों की पार्किंग के लिए फूटा बंगला परिसर में की गई है। यातायात पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि वह निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें तथा यातायात कर्मियों का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सकेगा। यातायात विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से नो-ट्रैफिक जोन में प्रवेश न करने तथा यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही घर से निकलने की सलाह दी है।

