45 मिनट तक नहीं मिला उचित उपचार
अनुभवहीन डॉक्टरों की तैनाती और संसाधनों की कमी का लगाया आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी सेवाओं को लेकर एक गंभीर शिकायत सामने आई है। शहर निवासी रोहित कुमार ने नेशनल मेडिकल कमीशन के चीफ विजिलेंस ऑफिसर को लिखित शिकायत भेजकर मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी विभाग में अव्यवस्थाओं, पर्याप्त अनुभव और प्रशिक्षण के बिना डॉक्टरों की तैनाती तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया है। शिकायत में रोहित कुमार ने बताया कि 16 जून की रात वह अपने भाई को प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी विभाग लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि 45 मिनट से अधिक समय बीत जाने के बाद भी किसी योग्य डॉक्टर द्वारा मरीज की समुचित जांच नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को भी फोन पर सूचना दी गई, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में मौजूद कुछ डॉक्टरों में आवश्यक अनुभव और प्रशिक्षण का अभाव दिखाई दिया। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल किए ही उपचार शुरू कर दिया गया, जिससे मरीज की सुरक्षा और सही इलाज प्रभावित हो सकता है। रोहित कुमार ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि उन्हें जानकारी मिली है कि इमरजेंसी जैसी संवेदनशील सेवा में ऐसे चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जा रही है जिनके पास आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का पर्याप्त अनुभव नहीं है। उन्होंने इसे मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया है। शिकायत में इमरजेंसी विभाग में आवश्यक दवाओं, उपकरणों और अन्य चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने एनएमसी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप योग्य और प्रशिक्षित चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी सेवाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी अपील की है। फिलहाल मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

