
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : कचहरी के पास स्थित अंग्रेजों के समय की पुरानी जिला जेल एक बार फिर बंदियों से गुलजार होने लगी है। जेल अधीक्षक डॉ. आलोक कुमार शुक्ला की देखरेख में आज केंद्रीय जेल-2 बिथरी से 66 बंदियों को दोबारा से तैयार की गई जिला जेल में भेजा गया।
173 करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत के बाद इस ऐतिहासिक जेल को हाईटेक सुरक्षा तंत्र से लैस किया गया है। यहां 2579 बंदियों को रखने की जगह है और हाई-सिक्योरिटी बैरक भी बनाए गए हैं। अधीक्षक आलोक शुक्ला ने बताया कि पहले दौर में विचाराधीन बंदियों को यहां लाया जा रहा है।
अधीक्षक आलोक शुक्ला ने कहा – “जिला जेल शुरू होने से पेशी पर ले जाने में समय बचेगा। कचहरी पास होने से पुलिस का पेट्रोल-डीजल भी बचेगा। हाईटेक सुरक्षा इंतजाम से जेल अब पूरी तरह अभेद्य है। मुलाकातियों को भी अब 15 किलोमीटर दूर बिथरी नहीं जाना पड़ेगा।”
ध्यान देने वाली बात है कि आलोक शुक्ला इससे पहले मेरठ और खीरी जिला जेल में काम कर चुके हैं। सितंबर 2025 में सरकार ने उन्हें बरेली की पुरानी जेल का अधीक्षक बनाया था। जल्द ही 7 साल से कम सजा वाले बंदी भी यहां भेजे जाएंगे।




