खैरथल
डॉ. विनोद कुमारी सांगवान ने तीसरी बार संभाला पंचायत समिति कोटकासिम के प्रधान पद का कार्यभार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कोटकासिम, खैरथल-तिजारा। राजस्थान सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. विनोद कुमारी सांगवान को पंचायत समिति कोटकासिम के प्रधान पद पर पुनः बहाल किए जाने के उपरांत उन्होंने आज तीसरी बार विधिवत रूप से प्रधान पद का कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा आमजन उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. विनोद कुमारी सांगवान का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की।
इस अवसर पर डॉ. विनोद कुमारी सांगवान ने कहा कि वे जनता के विश्वास और सरकार द्वारा दिए गए दायित्व का पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति कोटकासिम क्षेत्र के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से कोटकासिम को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पंचायत समिति सदस्यों, कर्मचारियों और नागरिकों ने डॉ. विनोद कुमारी सांगवान का फूल-मालाओं एवं शुभकामनाओं के साथ स्वागत कर उनके नेतृत्व में क्षेत्र के विकास के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।


