
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर के समीप वीआईपी पार्किंग के सामने लगे बैरियर पर तैनात यातायात पुलिस के सिपाही पर चालक ने कार चढ़ा दी। विरोध करने पर चालक और कार में सवार महिलाओं ने सिपाही से गालीगलौज करते हुए मारपीट करते हुए वर्दी फाड़ दी। आरोपियों ने उसका मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया। घायल सिपाही घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने कार चालक और उसके पिता को पकड़ लिया। यातायात पुलिस में तैनात सिपाही हरिओम सिंह सोमवार दोपहर को श्रीबांकेबिहारी मंदिर के समीप जादौन वीआईपी पार्किंग के सामने बैरियर पर तैनात थे। सिपाही ने एक कार को रोकने का इशारा किया। गुस्साए चालक ने कार को सिपाही के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उसके पैर में चोट आई। विरोध करने पर मदन माेहन घेरा निवासी कार चालक चतुर्भुज और कार सवार महिलाएं उतर आईं और सिपाही से गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। उन्होंने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और उसकी वर्दी भी फाड़ दी। आसपास के लोगों ने सिपाही को बचाया। घायल सिपाही ने कोतवाली प्रभारी को घटना की जानकारी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक चतुर्भुज और उसके पिता ओमप्रकाश को पकड़ लिया और कार भी जब्त कर ली। कोतवाली पुलिस ने बताया कि सिपाही हरिओम सिंह की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। कार चालक पुत्र और उसके पिता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार को सीज कर दिया गया है।



