
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। कोसीकलां -छाता रेलखंड पर ट्रेनों पर पथराव की लगातार दो घटनाओं से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आगरा से दिल्ली की ओर जा रही ताज एक्सप्रेस के डी-12 कोच पर अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर फेंके। अचानक हुए पथराव से यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। इससे पहले रविवार सुबह छाता रेलवे स्टेशन के समीप एक मालगाड़ी के इंजन पर भी पथराव की घटना सामने आई। आरपीएफ निरीक्षक आनंद कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा ट्रेन चालक, गार्ड और अन्य रेलकर्मियों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान गार्ड द्वारा बताए गए स्थान पर अप मेन लाइन के किनारे एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा दिखाई दिया। टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राधेश्याम निवासी ग्राम बहरावली, छाता बताया। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार आरोपी शराब के नशे में था और उसने स्वीकार किया कि उसी ने ताज एक्सप्रेस तथा मालगाड़ी पर पत्थर फेंके थे।
आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।



