बेतुल

बैतूल कृष्णपुरा वार्ड में नलों से आ रहा मटमैला पानी

 नागदेव मंदिर गली में दूषित पानी की शिकायत, वार्डवासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। कृष्णपुरा वार्ड में पेयजल व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। वार्डवासियों का आरोप है कि एक ओर उन्हें तीन से चार दिन के अंतराल के बाद पानी मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर नलों से गटर के पानी जैसा गंदा और मटमैला पानी आ रहा है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
वार्ड के नागदेव मंदिर वाली गली में, जहां नई पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है, वहां रहने वाले लोगों ने बताया कि नलों से आने वाला पानी उपयोग के योग्य नहीं है। उनका कहना है कि लंबे इंतजार के बाद मिलने वाला पानी भी दूषित होने के कारण पीने और घरेलू उपयोग के लिए अनुपयुक्त साबित हो रहा है। रहवासियों के अनुसार गंदे पानी के कारण बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा नहाने और दैनिक उपयोग से लोग बीमार पड़ रहे हैं।
वार्डवासियों ने बताया कि वर्तमान में कृष्णपुरा वार्ड की स्थिति बेहद खराब है और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। लोगों ने नगर पालिका से जल्द समस्या का समाधान कर स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि अगली बार भी साफ पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो वार्डवासी नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button