खैरथल

जिला कलेक्टर ने ली शांति समिति की बैठक

सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर दिया जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार सामाजिक समरसता और एकता के प्रतीक हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह या गलतफहमी से प्रभावित हुए बिना सभी नागरिक मिल-जुलकर त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि हमारे यहां गंगा-जमुनी तहजीब की समृद्ध परंपरा रही है और इसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। उन्होंने आमजन से सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना को साझा नहीं करने तथा एआई से तैयार किए गए भ्रामक कंटेंट के प्रति भी सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड़, अतिरिक्त अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग धर्मवीर यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग रतनलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य टिल्लू शर्मा, फतेह मोहम्मद, सरदार महेंद्र पाल सिंह, रामचंद्र कामरेड, सर्वेश गुप्ता, संजय महावर, सहित विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button