पाकुड़

शहीद एसपी अमरजीत बलिहार की 13वीं पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, शहीद परिजनों का हुआ सम्मान

Heartfelt tributes paid on the 13th death anniversary of martyred SP Amarjit Balihar; families of the martyr honored.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। शहीद पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार की 13वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित अमरजीत बलिहार पार्क एवं अमरजीत बलिहार चौक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, जवानों तथा शहीदों के परिजनों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर बलिदान को नमन किया। श्रद्धांजलि सभा में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, मुख्यालय डीएसपी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ सहित जिले के अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, पुलिस जवान तथा शहीदों के परिजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि शहीद अमरजीत बलिहार ने नक्सलवाद के विरुद्ध साहसपूर्वक संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक जवान के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए शहीद होना सर्वोच्च गौरव की बात है। शहीदों के आदर्शों पर चलते हुए अपराध एवं उग्रवाद मुक्त समाज का निर्माण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनका त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। वर्ष 2013 में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार के साथ उनके अंगरक्षक चंदन कुमार थापा, अशोक कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार हेंब्रम, राजीव कुमार शर्मा एवं संतोष कुमार मंडल भी वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनके अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पुलिस प्रशासन द्वारा शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने शाल ओढ़ाकर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया तथा उनके प्रति गहरी संवेदना और सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button