सिंगरौली
सिस्टम शर्मसार: सिंगरौली में खाट और बांस-बल्ली के भरोसे ‘डिजिटल इंडिया’

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। मध्य प्रदेश के ऊर्जांचल कहे जाने वाले सिंगरौली जिले से विकास के दावों की पोल खोलती एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। देवसर विधानसभा के बरका चौकी क्षेत्र में सड़क होने के बावजूद वन विभाग द्वारा रास्ता बंद किए जाने के कारण एक गंभीर बीमार महिला को एंबुलेंस तक नसीब नहीं हो सकी। लाचार ग्रामीणों को महिला मरीज को खाट पर लिटाकर, कंधों पर बांस-बल्ली के सहारे कई किलोमीटर पैदल चलकर सरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना पड़ा।
’अमृत काल’ और ‘डिजिटल इंडिया’ के दौर में आदिम युग की याद दिलाती यह घटना सूबे की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर करारा तमाचा है। ग्रामीणों में इस प्रशासनिक तानाशाही और विभागों की आपसी खींचतान को लेकर भारी आक्रोश है। बड़ा सवाल यह है कि सरकार की झोली राजस्व से भरने वाले सिंगरौली की जनता आखिर कब तक बुनियादी हकों के लिए तरसती रहेगी और जिम्मेदार अपनी कुंभकर्णी नींद से कब जागेंगे?



