गोड्डा
नवनियुक्त 67 सहायक आचार्यों के विद्यालय आवंटन को जिला शिक्षा स्थापना समिति की स्वीकृति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिले में नवनियुक्त सहायक आचार्यों कक्षा 1 से 5 तथा कक्षा 6 से 8 की पदस्थापना प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न करने के उद्देश्य से डीआरडीए सभागार में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत की अध्यक्षता में ओपन काउंसलिंग का आयोजन किया गया।
काउंसलिंग के दौरान जिला अंतर्गत विद्यालयों में पदस्थापना हेतु प्रतीक्षारत नवनियुक्त सहायक आचार्यों को उनकी मेधा क्रमांक (Merit Rank) के अनुसार विद्यालयों का चयन करने का अवसर प्रदान किया गया। विद्यालय आवंटन के क्रम में दिव्यांग अभ्यर्थियों, महिला अभ्यर्थियों तथा दो वर्ष से कम सेवा अवधि वाले पात्र सहायक आचार्यों को प्राथमिकता प्रदान की गई। पूरी काउंसलिंग प्रक्रिया अत्यंत पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। काउंसलिंग के दौरान नवनियुक्त सहायक आचार्यों के लिए उपलब्ध विद्यालयों की अद्यतन सूची डिस्प्ले स्क्रीन पर प्रदर्शित की गई, जिससे सभी अभ्यर्थी रिक्त विद्यालयों की स्थिति को वास्तविक समय में देख सकें तथा अपनी वरीयता के अनुसार विद्यालय का चयन कर सकें। इससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सभी प्रतिभागियों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने वाली रही। इसके उपरांत उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत की अध्यक्षता में सहायक आचार्यों से संबंधित जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 08.07.2026 को आयोजित ओपन काउंसलिंग की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए पदस्थापना हेतु प्रतीक्षारत सभी 67 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को उनके द्वारा चयनित विद्यालयों में पदस्थापित किए जाने के प्रस्ताव का अनुमोदन प्रदान किया गया। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि विद्यालय आवंटन एवं पदस्थापना की संपूर्ण प्रक्रिया शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं मेरिट आधारित प्रणाली के तहत संपन्न कराई गई है, ताकि नवनियुक्त सहायक आचार्य शीघ्र ही अपने-अपने विद्यालयों में योगदान देकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य प्रारंभ कर सकें।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी सुधीर प्रसाद सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी निशा तिर्की सहित शिक्षा विभाग के कर्मी मौजूद थे।



