जालौन

मेरी पंचायत-हरित पंचायत अभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश 

खाली गौशालाओं में होगा व्यापक वृक्षारोपण

 ग्राम सभाओं के माध्यम से हरित पंचायत का संकल्प दिलाया जाएगा
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद में हरित वातावरण के निर्माण एवं वृहद वृक्षारोपण अभियान को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता न रह जाए, बल्कि इसे जनभागीदारी के साथ जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में जिन गौशालाओं का मर्जर हो चुका है और जो परिसर वर्तमान में खाली हैं, वहां बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन स्थलों को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तत्काल तैयार की जाए तथा आज से ही वीबीजी राम जी के अंतर्गत गड्ढा खोदने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाए, ताकि निर्धारित समय पर पौधरोपण का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगामी एक सप्ताह के भीतर जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। इन ग्राम सभाओं में ग्रीन पंचायत अभियान  मेरी पंचायत, हरित पंचायत के उद्देश्य, पर्यावरण संरक्षण के महत्व तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाए और जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित करे तथा पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की नियमित निगरानी करते हुए वृक्षारोपण की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर जनपद में वृहद वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी आदि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button