
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। मुड़िया मेले के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के डीआईजी आशीष कुमार ने मथुरा जंक्शन का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्टेशन परिसर में प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, फुटओवर ब्रिज, टिकट घर, प्रतीक्षालय और अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मेले के दौरान भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा उपकरण, बैरिकेडिंग, अनाउंसमेंट व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन पर हेल्प डेस्क और सूचना व्यवस्था को प्रभावी रखा जाए। डीआईजी ने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी पूरी तरह सतर्क है।



