गोड्डा

जिला शिक्षा कार्यालय की मासिक समीक्षात्मक बैठक संपन्न; दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपलोड करें 

शिक्षा विभाग के सारे इंडिकेटरों पर लगातार मॉनीटरिंग कर आंकड़े में सुधार लाया जाए
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला शिक्षा कार्यालय से संबंधित कार्यों की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के सारे इंडिकेटरों एवं विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त द्वारा सर्वप्रथम विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र एवं छात्राओं की उपस्थिति तथा ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अद्यतन किए जा रहे आंकड़ों की समीक्षा की गई। उन्होंने विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों से प्रखंडवार शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति अपलोड करने में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विद्यालयों में उपस्थिति संबंधी विवरण नियमित रूप से अपलोड नहीं किए जा रहे हैं, ऐसे विद्यालयों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों को निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की बायोमेट्रिक उपस्थिति की प्रविष्टि ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति के साथ-साथ शिक्षकों की उपस्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जरूरत है। सभी बीआरपी, सीआरपी को निर्देश दिया गया कि अपने अपने क्षेत्र अंतर्गत स्कूलों का निरन्तर निरीक्षण कर विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शौचालय एवं पीने की पानी समेत विभिन्न बिन्दुओ का निरीक्षण कर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करें। जिले की प्रत्येक स्कूलों का संचालन सही तरीके से करते हुए स्कूलों में पानी, एवं शौचालय के साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके अलावा उपायुक्त ने जिले के सभी पीएम श्री विद्यालय, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, ब्लॉक लेवल आदर्श विद्यालय के प्रधानाध्यापकों के साथ शिक्षा विभाग के सारे इंडिकेटरों पर चर्चा करने तथा उनके विद्यालयों में जो भी कमियां हैं उन्हें दूर करने हेतु जल्द ही बैठक आयोजित कराने के दिशा में कार्य करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया।
बैठक में उप जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार, सभी बीईईओ, बीपीओ, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन एवं शिक्षिका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button