पाकुड़ में एसआईआर कार्य प्रगति पर, तीन विधानसभा क्षेत्रों में 71 से 86 प्रतिशत तक कार्य पूर्ण
SIR work in progress in Pakur; 71% to 86% of the work completed across three assembly constituencies.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) संबंधी अधिसूचना के आलोक में झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार पाकुड़ जिले में एसआईआर कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए पुनरीक्षण कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में अब तक विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 71 प्रतिशत, पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 86 प्रतिशत तथा महेशपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के अनुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी लगातार कार्यरत हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभियान की प्रगति संतोषजनक है और तय समय-सीमा के अनुरूप एसआईआर का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक तीनों विधानसभा क्षेत्रों में क्रमशः लगभग 71 प्रतिशत, 86 प्रतिशत एवं 80 प्रतिशत विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य संपादित किया जा चुका था।



