छत्तीसगढ़

ग्रामीण युवाओं की सतर्कता से दुर्लभ पैंगोलिन का सफल रेस्क्यू

उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व की संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मैनपुर/गरियाबंद : उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व के अंतर्गत ग्राम नदीपारा, मैनपुर खुर्द (तहसील मैनपुर, जिला गरियाबंद) में ग्रामीणों की सजगता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक जीवित पैंगोलिन का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।

ग्राम नदीपारा निवासी पुष्पराज पांडे (18 वर्ष), साधुराम पांडे (52 वर्ष), गेंदराज पांडे (15 वर्ष), नोहर पांडे (27 वर्ष) तथा पूरन यादव (24 वर्ष) के घर के समीप एक दुर्लभ पैंगोलिन दिखाई दिया। इनमें से दो किशोरों ने तत्काल उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व के कर्मचारियों दिनेश तथा ऑपरेटर रोमी को इसकी सूचना दी।

सूचना प्राप्त होते ही कुल्हाड़ीघाट परिक्षेत्र एवं तौरेंगा परिक्षेत्र की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची और सावधानीपूर्वक पैंगोलिन का रेस्क्यू किया। प्रारंभिक देखभाल के दौरान उसके भोजन हेतु दीमक एवं चींटियों की व्यवस्था की गई। वन विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक निगरानी के बाद उसे उसके प्राकृतिक एवं सुरक्षित आवास में छोड़ा जाएगा।

उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व के अधिकारियों ने बताया कि पैंगोलिन विश्व के सबसे अधिक तस्करी किए जाने वाले स्तनधारी जीवों में शामिल है तथा यह वन पारिस्थितिकी तंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रजाति है। चींटियों और दीमकों को खाकर यह जंगलों के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वन विभाग ने ग्रामीणों की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण में स्थानीय समुदायों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय पर दी गई सूचना के कारण इस दुर्लभ जीव को सुरक्षित बचाया जा सका।

उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसे परेशान न करें तथा तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button