
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) -133 पर पथरगामा थाना क्षेत्र के दाढ़ीघाट के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सड़क पर घायल अवस्था में तड़प रहे युवक की मदद के लिए उप विकास आयुक्त विष्पुते श्रीकांत यशवंत ने मानवीय संवेदना का परिचय दिया। उन्होंने तत्काल अपना सरकारी वाहन रुकवाकर घायल युवक को अपनी गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया।
रॉन्ग साइड से आ रही बाइक ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, धर्मोडीह गांव निवासी मिथिलेश यादव मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान दाढ़ीघाट के पास रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में मिथिलेश यादव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
सुरक्षा गार्ड की मदद से घायल को पहुंचाया अस्पताल
बताया जाता है कि उसी दौरान डीडीसी विष्पुते श्रीकांत यशवंत महागामा की ओर से लौट रहे थे। सड़क किनारे घायल युवक को तड़पता देख उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया। इसके बाद सुरक्षा गार्ड की मदद से घायल मिथिलेश यादव को अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाया और बिना देर किए सदर अस्पताल पहुंचाया।
समय पर इलाज मिलने से बची जान
सदर अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने घायल युवक का तत्काल इलाज शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने से मिथिलेश यादव को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल सकी। डीडीसी की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों और घायल के परिजनों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ-साथ डीडीसी ने मानवीय संवेदना का भी परिचय दिया है।



