बेतुल
बैतूल भूमि विवाद में महिलाओं से मारपीट और छेड़छाड़ के प्रयास के आरोप
पीड़िता ने एसपी से की शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में भूमि विवाद से जुड़ा एक मामला एसपी के पास पहुंचा है। एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर मारपीट, छेड़छाड़ के प्रयास और जान से मारने की धमकी सहित गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में फरियादी अर्चना गोलदार ने थाना स्तर पर दर्ज रिपोर्ट को अधूरा बताए जाने का भी दावा किया है। पुलिस से आरोपों की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
आवेदन के अनुसार, 27 जुलाई को दोपहर करीब 2:30 बजे अर्चना गोलदार अपनी ननद और भांजी के साथ खेत पर थीं। इसी दौरान अनावेदक अजय विश्वास, विजय विश्वास, अजय की पत्नी तथा 5-6 अन्य लोगों के खिलाफ वहां पहुंचने और विवाद करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का दावा है कि इस दौरान उनकी भांजी को गलत नीयत से जंगल की ओर ले जाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर कुल्हाड़ी, डंडे और दराती से हमला किया गया, जिससे अर्चना, उनकी भांजी और ननद घायल हो गईं। आवेदन में उल्लेख है कि घायलों का चिकित्सीय परीक्षण पुलिस द्वारा कराया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि अनावेदकों ने खेत को अपना बताते हुए दोबारा वहां आने पर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही भांजी का मोबाइल फोन छीन लेने और बाद में एक आरोपी द्वारा मोबाइल पर कॉल कर गाली-गलौज एवं धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है।
अर्चना गोलदार ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर शिकायत में नामजद सभी अनावेदकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने तथा स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।



