गाजियाबाद
मांगें पूरी न होने पर 5 अगस्त से अतिरिक्त हल्के का बहिष्कार करेंगे
लेखपाल संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की तहसील लोनी इकाई ने प्रदेश स्तर पर लंबित मांगों का शीघ्र समाधान न होने पर 5 अगस्त 2026 से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में संघ की ओर से राजस्व परिषद की अध्यक्ष को उपजिलाधिकारी लोनी के माध्यम से ज्ञापन भेजकर लेखपालों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।
संघ का कहना है कि लंबे समय से लंबित न्यायोचित मांगों का निराकरण न होने से प्रदेशभर के लेखपालों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि लेखपाल राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन लगातार बढ़ते कार्यभार, संसाधनों की कमी, लंबित पदोन्नति, वेतन एवं भत्तों में विसंगतियां, अतिरिक्त हल्कों का दायित्व और अवकाश के दिनों में भी ड्यूटी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से अंतर्मंडलीय स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोले जाने, वर्ष 2025-26 की लंबित पदोन्नति सूची तत्काल जारी करने, चयन वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम एवं प्रशिक्षण प्रमाणपत्र घोषित करने, स्टेशनरी, वाहन और विशेष भत्तों में वृद्धि करने, भूलेख कार्यालयों एवं अन्य पटलों से संबद्ध लेखपालों को मुक्त करने तथा ग्राम सचिवालयों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना रोस्टर व्यवस्था लागू न किए जाने की मांग की गई है।
लेखपाल संघ लोनी के अध्यक्ष सुजीत कुमार का कहना है कि यदि शासन एवं राजस्व परिषद द्वारा मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 5 अगस्त से प्रदेश के सभी लेखपाल केवल अपने मूल हल्के का कार्य करेंगे तथा अतिरिक्त हल्कों का बहिष्कार करते हुए संबंधित बस्ते तहसील या राजस्व निरीक्षक कार्यालय में जमा कर देंगे। संघ ने यह भी संकेत दिया है कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन कार्यों का भी बहिष्कार किया जा सकता है।
संघ के सचिव ललित कुमार

