बाराबंकी
10वीं वाहिनी पीएसी मसौली में तैनात 2021 बैच के सिपाही की मौत ऑनलाइन गेमिंग से तनाव की चर्चा
जांच के बाद होगा खुलासा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। जिले के मसौली स्थित 10वीं वाहिनी पीएसी परिसर में तैनात एक सिपाही ने बैरक के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पीएसी और स्थानीय पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।मृतक की पहचान मेरठ जनपद के रोहटा थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय दीपक कुमार पुत्र ब्रह्मा सिंह के रूप में हुई है।
वह वर्ष 2021 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में 10वीं वाहिनी पीएसी, मसौली में तैनात थे।जानकारी के अनुसार, घटना के समय उनकी कंपनी ड्यूटी पर थी।
इसी दौरान दीपक ने बैरक के कमरे में टी-शर्ट का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक बाहर न आने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई।
प्रारंभिक स्तर पर ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े तनाव को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और पीएसी प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


