
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : सावन मास की कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंचने के साथ ही लोनी बॉर्डर क्षेत्र पूरी तरह शिवमय हो गया है। एक ओर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का जत्था लगातार क्षेत्र से गुजर रहा है, तो दूसरी ओर बड़ी संख्या में शिव भक्त अभी भी गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार की ओर रवाना हो रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर दिनभर “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
मंगलवार सुबह से टीला मोड़ होते हुए पाइपलाइन कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों की आवाजाही तेज रही। कंधों पर सजी-धजी कांवड़ लेकर श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर नाचते-गाते अपनी मंजिल की ओर बढ़ते नजर आए। मार्ग के दोनों ओर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा लगाए गए शिविरों में कांवड़ियों के लिए पेयजल, भोजन, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल तथा बारिश से बचाव के लिए वाटरप्रूफ टेंट की समुचित व्यवस्था की गई है। सेवा कार्यों में स्थानीय लोग भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। लोनी बॉर्डर थाना पुलिस लगातार कांवड़ मार्ग पर गश्त करती रही। इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त (अंकुर विहार) अमरदीप मौर्य ने लोनी बॉर्डर सहित विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों से कांवड़ियों की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।



