सिडनी में दैनिक जागरण अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित हुए पाकुड़ के समाजसेवी लुत्फ़ल हक
Lutfal Haq, a social worker from Pakur, honored with the Dainik Jagran Achievers Award in

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखण्ड के पाकुड़ जिले के प्रख्यात समाजसेवी लुत्फ़ल हक को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में आयोजित प्रतिष्ठित दैनिक जागरण अचीवर्स अवार्ड समारोह में उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें “Excellence in Social Impact” तथा “Social Impact Icon” सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान समाज सेवा, जनकल्याण और मानवीय कार्यों के क्षेत्र में उनके लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली इस उपलब्धि से पाकुड़ सहित पूरे झारखंड में खुशी और गौरव का माहौल है। सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे राज्य के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताते हुए लुत्फ़ल हक को बधाई दी है। समारोह में भारत और ऑस्ट्रेलिया के कई प्रतिष्ठित उद्योगपति, उद्यमी तथा विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यू साउथ वेल्स (ऑस्ट्रेलिया) के ग्रुप जनरल मैनेजर फिल हेड्स तथा भारत मूल के सीनियर बिजनेस एनालिस्ट एस. जानकी रमन थे। दोनों अतिथियों ने सम्मानित व्यक्तित्वों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोग पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना समाज के लिए उत्साहवर्धक है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जागरण ग्रुप के उप्रबंधक शैलेन्द्र नाथ जेटली एवं बिपोय खटवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जागरण अचीवर्स अवार्ड का उद्देश्य उन व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल कायम की है। लुत्फ़ल हक को मिले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान को समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि माना जा रहा है। उनके सम्मान ने न केवल पाकुड़ जिले, बल्कि पूरे झारखंड का गौरव बढ़ाया है और यह संदेश दिया है कि समर्पित सामाजिक कार्यों को वैश्विक स्तर पर भी पहचान और सम्मान मिलता है।



