सिंगरौली

सिंगरौली में VIP रौब पर पुलिस का शिकंजा

हूटर, फ्लैश लाइट और ब्लैक फिल्म वाले 94 वाहनों पर कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली । सिंगरौली जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान के तहत 94 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 1 अगस्त से 10 अगस्त तक चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी आशीष तिवारी के नेतृत्व में पुराना यातायात तिराहा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान निजी वाहनों में अवैध रूप से लगाए गए हूटर, सायरन, फ्लैश लाइट, लाल-पीली-नीली बत्ती, ब्लैक फिल्म, सरकारी और वीआईपी स्टीकर, पदनाम, मोनोग्राम तथा अन्य प्रतिबंधित चिन्हों की जांच की गई।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 39 निजी वाहनों पर कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों से अनधिकृत हूटर, सायरन, फ्लैश लाइट, वीआईपी स्टीकर और ब्लैक फिल्म मौके पर ही हटवाई गई। वाहन चालकों को भविष्य में इस तरह का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, दस्तावेजों की कमी, गलत नंबर प्लेट, अव्यवस्थित पार्किंग, ओवरलोडिंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 55 अन्य वाहन चालकों पर भी चालानी कार्रवाई की गई। इस तरह अभियान के दौरान कुल 94 वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि निजी वाहनों पर सरकारी पहचान, पदनाम, विशेषाधिकार दर्शाने वाले चिन्ह, हूटर या बत्ती लगाना कानूनन अपराध है। ऐसे कृत्य आम लोगों में भ्रम पैदा करते हैं और कानून के समान अनुपालन की भावना को प्रभावित करते हैं।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों से अनधिकृत उपकरण, ब्लैक फिल्म, सरकारी स्टीकर और पदनाम स्वयं हटा लें तथा नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button