बोकारो

बेरमो – ऊपरघाट क्षेत्र में धान रोपाई का कार्य शुरू, खेतों में लौटी रौनक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में मानसून की दस्तक के साथ ही धान की रोपाई का कार्य शुरू हो गया है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में किसान खेतों की तैयारी पूरी कर अब धान के पौधों की रोपाई में जुट गए हैं। सुबह से ही खेतों में किसानों और मजदूरों की चहल-पहल देखने को मिल रही है। पर्याप्त बारिश होने के बाद खेतों में पानी जमा होने लगा है, जिससे किसानों को धान रोपाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां मिल रही हैं। किसान परिवार के सदस्य एकजुट होकर धान की रोपाई का कार्य कर रहे हैं। कई स्थानों पर मजदूरों की मदद से भी रोपाई कराई जा रही है। ऊपरघाट युवा समाजसेवी भुनेश्वर कुमार महतो ने कहा कि बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में धान रोपाई का कार्य शुरू होना किसानों के लिए अच्छी खबर है। समय पर बारिश होने से खेतों में पर्याप्त नमी और पानी उपलब्ध हुआ है, जिससे किसानों को रोपाई में सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश ग्रामीण परिवार खेती-किसानी पर निर्भर हैं, इसलिए अच्छी बारिश और बेहतर फसल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार उन्नत बीज, उचित मात्रा में खाद एवं दवा का प्रयोग करें और फसल की नियमित निगरानी करते रहें। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष मौसम अनुकूल रहा तो क्षेत्र में धान की अच्छी पैदावार होगी। किसानों व रोपनीओ का कहना है कि इस वर्ष समय पर बारिश होने से धान की खेती को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि अच्छी फसल के लिए आगे भी नियमित बारिश और मौसम का अनुकूल रहना जरूरी है। धान की रोपाई शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि गतिविधियां तेज हो गई हैं। किसानों को उम्मीद है कि मौसम साथ रहा तो इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार होगी और खेती से होने वाली आय में भी बढ़ोतरी होगी। वहीं, कृषि विभाग की ओर से किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक के प्रयोग तथा समय-समय पर फसल की निगरानी करने की सलाह दी जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button