मथुरा
मथुरा में करोड़ों की ठगी
मास्टरमाइंड गैंगस्टर अनुराग गिरफ्तार; प्रॉपर्टी और लॉटरी के नाम पर की कइयों से जालसाजी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। लाॅटरी और प्राॅपर्टी में निवेश के नाम पर शहर के व्यापारियों से करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित गैंग्स्टर अनुराग वैद्य को मंगलवार सुबह 11 बजे उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह आत्मसमर्पण के लिए न्यायालय के बाहर पहुंचा था। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। इस प्रकरण में पुलिस ने अनुराग वैद्य समेत नौ के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए थे। अनुराग और नौहझील के सपा नेता पर पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। दो जुलाई को सपा नेता को गोविंद नगर पुलिस ने हिरासत में लेकर छह घंटे पूछताछ के बाद छोड़ दिया था। कोतवाली थाने में 10 नवंबर 2025 को दो मुकदमे दर्ज हुए थे। पहले मुकदमे में सौख रोड नई मंडी निवासी मनोज अग्रवाल, राधा वैली निवासी शुभम अग्रवाल, मधुवन इंक्लेव निवासी पवन अग्रवाल और आदर्श नगर निवासी केके शिवहरे ने बताया कि आरोपित अनुराग अग्रवाल उर्फ वैद्य अपने परिवार और साथियों के साथ मिलकर व्यापारियों को लाॅटरी और भूमि में निवेश का झांसा देता था। आरोप है कि करोड़ों रुपये निवेश कराने के बाद रकम हड़प ली जाती थी और पैसा मांगने पर धमकियां दी जाती थीं। गिलट कारोबारी मनीष अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अनुराग वैद्य के यहां 40 लाख रुपये की चार लाटरी डाली थीं। अवधि पूरी होने के बाद भी न तो रकम लौटाई गई और न ही राधाधाम में फ्लैट का बैनामा कराया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं व्यापारी राहुल बंसल ने अपनी एफआइआर में आरोप लगाया है कि उन्होंने अनुराग वैद्य के यहां एक करोड़ 20 लाख रुपये की लाटरी डाली थी। पैसा वापस मांगने पर राधाधाम में विला देने का झांसा दिया गया, लेकिन न विला मिला और न ही धनराशि लौटाई गई। राहुल का आरोप है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो व्यापारियों को निवेश के नाम पर फंसाकर उनकी रकम हड़प लेता है। दोनों मुकदमों में अनुराग अग्रवाल उर्फ वैद्य, नौहझील के सपा नेता अनिल अग्रवाल, सिद्धार्थ अग्रवाल, निहारिका अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, साहिल अग्रवाल, प्रमोद वाल्मीकि, आकाश वाल्मीकि समेत एक अन्य अज्ञात को नामजद किया गया है। आरोपितों पर धोखाधड़ी, जबरन वसूली, धमकी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। एसएसपी श्लोक कुमार ने गिरोह के सदस्य अनुराग और सपा नेता अनिल अग्रवाल पर गैंग्सटर की कार्रवाई की है। पुलिस की टीमें आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दे रही थी। इसके चलते मुख्य आरोपित अनुराग आत्मसमर्पण के लिए मंगलवार सुबह 11 बजे न्यायालय पहुंचा, जहां बाहर खड़ी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गोविंद नगर थाना प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।



