बरेली
बरेली में चल रहे हैं उर्स और कावड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट
एसएसपी अनुराग आर्य: 3500 पुलिसकर्मी, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट पर होगी कड़ी कार्रवाई
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जनपद में उर्स और कावड़ यात्रा के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पत्रकारों से बातचीत कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि शहर को 4 सुपर जोन, 8 जोन और 29 सेक्टर में बांटा गया है। पार्किंग व्यवस्था के लिए अलग टीम लगाई गई है। ड्यूटी में लगभग 3500 पुलिसकर्मी, 6 कंपनी पीएसी और 300 रिजर्व कांस्टेबल तैनात किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे कपड़ों में पुलिस तैनात की गई है। यातायात और भीड़ पर नजर रखने के लिए ड्रोन, ICCC कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग के लिए विशेष टीम बनाई गई है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सावन माह को देखते हुए आयोजकों से लंगरों में शाकाहारी भोजन परोसने की अपील भी की गई है।


