बरेली
थाना भोजीपुरा क्षेत्र में नवनिर्मित बिल्वा पुलिस चौकी का भव्य उद्घाटन

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। थाना भोजीपुरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुरक्षा देने के उद्देश्य से नवनिर्मित बिल्वा पुलिस चौकी का सोमवार को भव्य उद्घाटन किया गया।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्र ने पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान की गरिमामय उपस्थिति में फीता काटकर एवं पट्टिका अनावरण कर चौकी का विधिवत उद्घाटन किया।
नवीन चौकी के क्रियाशील होने से आसपास के ग्रामीणों एवं राहगीरों को आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी और दुर्घटना संभावित क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित होगी।
एसपी उत्तरी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आम जन में सुरक्षा का भाव पैदा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर चौकी स्तर पर ही समस्याओं के प्राथमिकता से निस्तारण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी हाईवे, थाना प्रभारी भोजीपुरा, चौकी प्रभारी, पत्रकार बंधु, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित भी किया गया।




