
श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट है। रविवार को जिलाधिकारी शामली आलोक यादव एवं पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने थाना बाबरी क्षेत्र में पहुंचकर कांवड़ मार्गों तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों की स्थिति के साथ-साथ कांवड़ शिविरों, विश्राम स्थलों, पेयजल, चिकित्सा सहायता केंद्र, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं डायवर्जन व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जहां भी सुधार की आवश्यकता दिखाई दी, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कांवड़ियों से लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्ग पर मौजूद शिवभक्त कांवड़ियों से संवाद भी किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम पूछते हुए यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में उनका फीडबैक लिया। कांवड़ियों ने जनपद में की गई सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने कांवड़ ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी ने अधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया पर भी सतर्क दृष्टि बनाए रखने को कहा गया।
आपात स्थिति में तत्काल पहुंचेगी टीम
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि किसी भी सूचना अथवा आकस्मिक स्थिति की जानकारी मिलते ही संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी कांवड़ यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन एवं शामली पुलिस द्वारा श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर सुरक्षा, यातायात, सेवा एवं जनसुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

