बेतुल
बैतूल जमीन का सौदा कर राशि लेने के बाद कब्जा नहीं देने का आरोप
ग्राम कोटवार के खिलाफ बुजुर्ग ने थाने में की शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। 2400 वर्गफीट आबादी भूमि और उस पर बनी दुकान का 2.50 लाख रुपए में सौदा करने के बाद पूरी राशि लेने के बावजूद कब्जा नहीं देने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए 67 वर्षीय ग्रामीण ने चिचोली थाने में शिकायत की है। रातामाटी खुर्द निवासी सुन्दरलाल पिता बाबूलाल ठाकरे ने ग्राम जोगली के कोटवार विजय वाघमारे के खिलाफ कार्रवाई करने और सौदे के तहत खरीदी गई भूमि का कब्जा दिलाने की मांग की है।
शिकायत में सुन्दरलाल ने बताया कि विजय वाघमारे ने अपने कब्जे की आबादी भूमि में से 40×60 फीट यानी 2400 वर्गफीट जमीन और उस पर निर्मित दुकान मय गटेरियल सहित उन्हें बेचने का सौदा किया था। यह सौदा 19 जनवरी 2026 को 2 लाख 50 हजार रुपए में तय हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार सौदे की राशि में से 50 हजार रुपए नगद विजय वाघमारे को दिए गए थे, जबकि शेष 2 लाख रुपए का चेक 20 जनवरी 2026 को उनके समधी शिवदयाल महाले, बैतूल के माध्यम से विजय वाघमारे के नाम दिया गया।
सुन्दरलाल का आरोप है कि सौदे की पूरी राशि देने के बाद 10 जून 2026 को जब वे खरीदी गई भूमि पर कब्जा लेने पहुंचे तो विजय वाघमारे ने कब्जा देने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार इस दौरान विजय ने अभद्र तरीके से बात करते हुए कब्जा नहीं देने की बात कही और उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी।
सुन्दरलाल ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा सौदे के आधार पर खरीदी गई भूमि और दुकान का कब्जा दिलाने की मांग की है।



