जालौन
तिरंगे के रंग में रंगा उरई, विद्यार्थियों ने रैली में बिखेरी देशभक्ति की छटा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित भव्य तिरंगा रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं ने जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लेकर शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों और गीतों के बीच रैली में सहभागिता की।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, देशभक्ति गीतों और नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता व अखंडता का संदेश दिया। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। बच्चों के उत्साह और प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, कालपी विधायक विनोद कुमार चतुर्वेदी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित और बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक व बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में देश के प्रति जिम्मेदारी, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होती है। रैली ने “हर हाथ में तिरंगा, हर दिल में देशप्रेम” का संदेश दिया।




