करगली डबल स्टोरी में महिलाओं ने धूमधाम से मनाया सावन महोत्सव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। फुसरो नप क्षेत्र के करगली डबल स्टोरी में महिलाओं की ओर से सोमवार को सावन महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी की महिलाओं ने हिस्सा लिया। सावन के पारंपरिक गीतों और भजनों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
महिलाएं हरे परिधानों में सज-धजकर कार्यक्रम में पहुंचीं और सावन के गीतों पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सावन की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में मेहंदी, गीत-संगीत सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। महिलाओं ने लजीज व्यंजनों का भी आनंद उठाया। आयोजकों ने कहा कि सावन महोत्सव हरियाली, उमंग और खुशहाली का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को एक साथ मिलकर अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने का अवसर मिलता है। साथ ही आपसी मेलजोल, सौहार्द और भाईचारा भी मजबूत होता है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के बीच शानदार सामंजस्य देखने को मिला। सभी ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए सावन महोत्सव को यादगार बनाया। मौके पर सरस्वती कुमारी, रूपा भारती, ममता, पुष्पांजलि तिवारी, मेनका, प्रेरणा, रानी, रेखा प्रसाद, सोनाली, रीता, हेमा सिंह आदि मौजूद थी।



