हजारीबाग

गृह मंत्री अमित शाह से मिले सांसद मनीष जायसवाल

जेपीएससी- जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया।

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर झारखंड से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जेपीएससी एवं जेएसएससी- सीजीएल भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता, छात्रों के आंदोलन, कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध, अवैध नशे के कारोबार तथा खनिज संपदा की कथित लूट का मामला प्रमुखता से उठाया। सांसद जायसवाल ने गृह मंत्री अमित शाह को बताया कि जेपीएससी और जेएसएससी- सीजीएल भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितता और सीटों की खरीद-बिक्री के गंभीर आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही सीआईडी जांच की निष्पक्षता को लेकर अभ्यर्थियों और छात्रों के बीच सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में पूरे मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराए जाने की आवश्यकता है, ताकि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल भर्ती परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के 5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के भविष्य और उनके विश्वास से जुड़ा हुआ है। अपने अधिकार और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों से भी उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया। मुलाकात के दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने झारखंड की कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने राज्य में बढ़ते संगठित अपराध, अवैध गतिविधियों और खनिज संपदा की कथित लूट पर चिंता जताई। हजारीबाग और रामगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैल रहे अवैध नशे के कारोबार पर भी उन्होंने गृह मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य, राज्य की कानून-व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ इन सभी विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button