बेतुल

बैतूल 20 लाख की चोरी सुलझाने वाली पुलिस को सम्मान की मांग

21 लाख की चोरी का भी किया था खुलासा

15 अगस्त पर एसपी वीरेंद्र जैन और आमला थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर को सम्मानित करने समाजसेवी चंद्रशेखर पंडोले ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। आमला में करीब 20 लाख रुपए की चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की रकम बरामद करने के साथ पूर्व में 21 लाख रुपए की चोरी का भी पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम के अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित करने की मांग उठी है। समाजसेवी चंद्रशेखर पंडोले ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पुलिस महानिदेशक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के नाम तहसील कार्यालय आमला के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। इसमें बैतूल एसपी वीरेंद्र कुमार जैन और आमला थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर को 15 अगस्त के अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन और थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बोडखी निवासी दम्मूलाल सूर्यवंशी के घर हुई करीब 20 लाख रुपए की चोरी का खुलासा किया। पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की रकम बरामद की। इस कार्रवाई को पुलिस की तत्परता और जांच क्षमता का उदाहरण बताते हुए पंडोले ने अधिकारियों के सम्मान की मांग की है।
– 21 लाख की चोरी का भी हुआ था पर्दाफाश
ज्ञापन में आमला निवासी ओमकार टिकारे के घर से हुई करीब 21 लाख रुपए की चोरी का भी उल्लेख किया गया है। इस मामले को तत्कालीन थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया के नेतृत्व में पुलिस ने सुलझाया था। पंडोले ने कहा कि दोनों मामलों में पुलिस की प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
– कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों के सम्मान की मांग
पंडोले ने ज्ञापन में डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी व्यवस्था की सफलता उसे लागू करने वाले लोगों की कार्यशैली पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं तो इससे कानून व्यवस्था के प्रति आमजन का भरोसा बढ़ता है।
उन्होंने मांग की कि पुलिस अधिकारियों के उल्लेखनीय कार्य को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उनका सम्मान किया जाए। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ने के साथ अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
– जनप्रतिनिधियों को भी भेजी प्रतिलिपि
ज्ञापन की प्रतिलिपियां आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को भी भेजी गई हैं। पंडोले ने उम्मीद जताई कि पुलिस की कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एसपी वीरेंद्र कुमार जैन और थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर को सम्मानित किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button