गाजियाबाद

लोनी विधायक का गोद लिया वार्ड बदहाल

जलभराव और कीचड़ से नारकीय जीवन जीने को मजबूर नागरिक

तीन एटीएम से नवजीवन पब्लिक स्कूल तक रास्ता दलदल में तब्दील
गोकुल धाम सोसायटी में भी जलभराव से परेशानी; मलबा डालने से समस्या और बढ़ी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी विधायक द्वारा गोद लिए गए वार्ड में इन दिनों जलभराव, कीचड़ और गंदगी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जगह-जगह पानी की निकासी न होने से जलभराव होने के कारण इस वार्ड के‌ कई मार्ग दलदल में तब्दील हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने के बजाय नगरपालिका की ओर से जलभराव वाले मार्ग पर मलबा डाल दिया गया, जिससे समस्या कम होने के बजाय और गंभीर हो गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक तीन एटीएम से लेकर नवजीवन पब्लिक स्कूल तक का रास्ता बारिश के बाद पूरी तरह कीचड़ और दलदल में बदल गया है। मार्ग पर जमा गंदे पानी और कीचड़ के कारण पैदल चलना तो दूर, दोपहिया वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्थानीय दुकानदारों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मलबा डालकर नगरपालिका ने बढ़ा दी परेशानी
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगरपालिका द्वारा मार्ग पर मलबा डाला गया, लेकिन पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन मलबा पानी और कीचड़ में मिलकर दलदल बन गया है। लोगों का कहना है कि बड़े-बड़े निर्माण कार्यों से निकलने वाला मलबा यहां डालने से मार्ग की हालत और खराब हो गई है।
नागरिक सवाल उठा रहे हैं कि जलभराव वाले रास्ते पर मलबा डालने का निर्णय आखिर किसका था। उनका कहना है कि यदि जलनिकासी की व्यवस्था किए बिना मलबा डाला जाना था तो इससे जनता को राहत मिलने के बजाय उनकी परेशानी बढ़ना तय था।
गोकुल धाम सोसायटी में भी बदहाल स्थिति
गोकुल धाम सोसायटी में भी जलभराव और गंदगी से लोगों का बुरा हाल है। बारिश का पानी रास्तों पर जमा होने से आवागमन प्रभावित है। कई स्थानों पर कीचड़ के कारण फिसलन बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार जलभराव रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
घरों से निकलना हुआ मुश्किल 
स्थानीय निवासियों का कहना है कि खराब रास्तों और जलभराव के कारण उन्हें रोजमर्रा के काम के लिए घर से निकलने में भी परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। कई लोगों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
नागरिकों का कहना है कि जिस वार्ड को विधायक ने गोद लिया है, वहां यदि बुनियादी सुविधाओं का यह हाल है तो अन्य क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने नगरपालिका और जनप्रतिनिधियों से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने, कीचड़ व मलबा हटाने और मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उन्हें मजबूर होकर नगरपालिका और प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button