सिंगरौली

महाराष्ट्र बैंक डकैती कांड में एक और आरोपी बिहार से गिरफ्तार

पुलिस ने जब्त की कार, मोबाइल और 46 हजार रुपये नकद; डकैती के मास्टरमाइंड तक पहुंचने में जुटी टीम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। महाराष्ट्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई डकैती की वारदात में फरार चल रहे एक और आरोपी को सिंगरौली पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टाटा नेक्सॉन कार, मोबाइल फोन और 46 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब डकैती की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र बैंक डकैती मामले में फरार आरोपियों की पतासाजी एवं लूटे गए माल की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर ललित बैरागी के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए बिहार के जहानाबाद जिले से आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल राज पिता उपेंद्र सिंह बघेल (34 वर्ष), निवासी ग्राम इमलिया, थाना पाली, जिला जहानाबाद (बिहार) के रूप में हुई है।

डकैती की साजिश में शामिल होने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि महाराष्ट्र बैंक डकैती मामले में आरोपी राहुल राज अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाने और डकैती के बाद लूटे गए माल को ठिकाने लगाने में शामिल था। मामले में पुलिस द्वारा पहले से गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान राहुल राज की संलिप्तता सामने आई थी।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी से घटना में शामिल अन्य आरोपियों, लूट की रकम और वारदात से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

कार, मोबाइल और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टाटा नेक्सॉन कार क्रमांक BR11AR7756, एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और 46 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि जब्त सामग्री की जांच की जा रही है और डकैती में इस्तेमाल संसाधनों तथा अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ जारी है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मामले में पुलिस अब तक कई महत्वपूर्ण सुराग जुटा चुकी है। पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि बैंक डकैती की पूरी साजिश में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक अशोक सिंह परिहार, उप निरीक्षक विनय शुक्ला, उप निरीक्षक उदयचंद करिहार, उप निरीक्षक पवन सिंह, उप निरीक्षक शिवम सिंह चौहान, उप निरीक्षक अमन वर्मा, सहायक उप निरीक्षक पप्पू सिंह, सहायक उप निरीक्षक अरविंद द्विवेदी, प्रधान आरक्षक पंकज सिंह, प्रधान आरक्षक राय सिंह, प्रधान आरक्षक प्रशांत विश्वकर्मा और आरक्षक 497 गौतम कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button