खैरथल
हल्द्वानी की घटना के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह एवं मार्च आज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सभा स्थल पर शुद्धिकरण यज्ञ किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा की ओर से शुक्रवार, 14 अगस्त को सत्याग्रह एवं मार्च आयोजित किया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता और धर्म एवं जाति के आधार पर भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी वर्गों के सम्मान और समानता की भावना सर्वोपरि है। किसी जनसभा के बाद शुद्धिकरण यज्ञ किया जाना सामाजिक समरसता के खिलाफ निंदनीय कृत्य है।
सत्याग्रह कार्यक्रम 14 अगस्त को शाम 5 बजे खैरथल के अम्बेडकर सर्किल पर आयोजित होगा। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मार्च निकाला जाएगा।
कार्यक्रम में संगठन प्रभारी, जिला प्रभारी एवं सहप्रभारी, विधायक एवं विधायक प्रत्याशी, पीसीसी पदाधिकारी एवं सदस्य, डीसीसी पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी, अग्रिम संगठनों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने जिले के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर सत्याग्रह एवं मार्च को सफल बनाने का आह्वान किया।

