गाजियाबाद
लोनी में ऊर्जा मंत्री के आगमन पर गुस्साए लोगों का जोरदार हंगामा
बिजली और विकास के मुद्दे पर लोगों ने लगाए ‘वापस जाओ’ के नारे

तिरंगा यात्रा में शामिल होने और जनहित के मुद्दे उठाने जा रहे हिंदू रक्षा दल के संगठन मंत्री अमित प्रजापति को घर पर ही पुलिस ने रोका, समर्थकों में आक्रोश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : ऊर्जा मंत्री के नेतृत्व में गुरुवार को खन्ना नगर से निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब लोनी की बदहाल बिजली व्यवस्था, टूटी सड़कों और रुके विकास कार्यों का मुद्दा उठाने पहुंचे लोगों को मंत्री तक पहुंचने से रोक दिया गया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने विद्युत विभाग और प्रदेश सरकार के मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए।
हिंदू रक्षा दल के संगठन मंत्री अमित प्रजापति ने आरोप लगाया कि उन्होंने एक दिन पूर्व उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर ऊर्जा मंत्री के समक्ष लोनी की समस्याएं रखने की अनुमति मांगी थी, लेकिन गुरुवार को पुलिस ने उन्हें उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया। इसके विरोध में उनके समर्थकों ने घर के बाहर ही प्रशासन और विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
अमित प्रजापति ने कहा कि लोनी में सड़कों की स्थिति बेहद खराब है और बिजली व्यवस्था को लेकर भी लोगों में भारी नाराजगी है। ऐसे में यदि जनता की समस्याएं प्रदेश सरकार के जिम्मेदार मंत्री तक पहुंचाने का प्रयास किया गया तो पुलिस बल के जरिए रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
मंत्री तक नहीं पहुंचने दिए गए स्थानीय लोग
तिरंगा यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वे अपनी समस्याएं लेकर ऊर्जा मंत्री से मिलने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मंत्री के पास नहीं पहुंचने दिया। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने विद्युत विभाग तथा प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि यदि तिरंगा यात्रा जनता के लिए है तो स्थानीय लोगों को अपनी समस्याएं रखने से क्यों रोका जा रहा है। लोगों का कहना था कि लोनी की बिजली, सड़क, जलभराव और विकास से जुड़ी समस्याओं पर जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को जनता की आवाज सरकार तक पहुंचानी चाहिए।
भाजपा कार्यकर्ताओं की दूरी भी चर्चा में रही
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय भाजपा के अधिकांश कार्यकर्ताओं की कथित दूरी भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। प्रदर्शनकारियों ने तंज कसते हुए कहा कि “लोनी में भाजपा के कार्यकर्ता आखिर कहां गायब हैं?” उनका आरोप था कि जब जनता बिजली और विकास जैसे मुद्दों को लेकर परेशान है, तब स्थानीय सत्ता पक्ष के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को जनता के साथ खड़ा होना चाहिए।
अमित प्रजापति ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई से वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब तक लोनी की बिजली व्यवस्था में सुधार और विकास कार्यों को गति नहीं मिलती, तब तक जनहित के मुद्दों को उठाया जाता रहेगा।
हालांकि, प्रशासन की ओर से लोगों को मंत्री तक पहुंचने से रोकने और अमित प्रजापति को नजरबंद किए जाने को लेकर तत्काल कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। संगठन ने फिलहाल अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया, लेकिन लोनी की समस्याओं को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही है।


