गोड्डा
गोड्डा जिले के 1468 सरकारी विद्यालयों का होगा आकलन
24 अगस्त से 19 दिसंबर तक चलेगा ‘मेरा विद्यालय निपुण एवं मैं भी निपुण 2.0’ अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिले के सभी कोटि के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) के अधिगम स्तर का आकलन किया जाएगा। इसको लेकर बी ब्लॉक, तृतीय तल, समाहरणालय गोड्डा में ‘मेरा विद्यालय निपुण, मैं भी निपुण’ कार्यक्रम की सफलता को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, आकलन प्रक्रिया एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने बताया कि ‘मेरा विद्यालय निपुण एवं मैं भी निपुण 2.0’ अभियान के तहत 24 अगस्त से 19 दिसंबर 2026 तक जिले के 1468 सरकारी विद्यालयों में बच्चों के अधिगम स्तर का मूल्यांकन किया जाएगा। अभियान के तहत कक्षा एक से पांच तक के बच्चों का आकलन किया जाएगा। प्रत्येक कक्षा से रैंडम रूप से पांच बच्चों का चयन कर उनका मूल्यांकन होगा। इस प्रकार प्रत्येक विद्यालय से कुल 25 बच्चों का आकलन किया जाएगा। मूल्यांकन में विद्यालय के प्रदर्शन के लिए 60 अंक तथा बच्चों के अधिगम स्तर के लिए 40 अंक निर्धारित किए गए हैं।
सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि यह मूल्यांकन कुल छह चरणों में आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बच्चों में आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को मजबूत करना तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के स्तर का आकलन करना है। बैठक में रूम टू रीड के प्रतिनिधि सुनील कुमार वर्मा, संपर्क फाउंडेशन के प्रतिनिधि संतोष तिवारी, मास्टर ट्रेनर रीतेश रंजन, प्रकाश भगत, राजेंद्र पंडित एवं निलेश कुमार उपस्थित थे।



