खैरथल
17 अगस्त को निकाली जाएगी वार्ड पार्षद, प्रधान, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की आरक्षण लॉटरी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। आगामी पंचायती राज एवं स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर जिले में विभिन्न पदों एवं वार्डों की आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने बताया कि 17 अगस्त को प्रातः 9:30 बजे जिले की सभी नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के वार्ड पार्षद पदों के लिए आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी। इसके पश्चात दोपहर 1:00 बजे से जिले की सभी 6 पंचायत समितियों के प्रधान, जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्यों के पदों की आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी। दोनों लॉटरी प्रक्रियाओं का आयोजन जिला सचिवालय सभागार में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में किया जाएगा।
इसी क्रम में 18 अगस्त को प्रातः 9:30 बजे जिले के संबंधित उपखंड मुख्यालयों पर उपखंड अधिकारियों की देखरेख में सरपंच एवं पंच पदों की आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं। लॉटरी प्रक्रिया के दौरान संबंधित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की उपस्थिति में नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

