गाजियाबाद
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक : रंजीता धामा
लोनी में नगर पालिका अध्यक्ष ने विभिन्न स्थानों पर किया ध्वजारोहण, स्वच्छता की शपथ दिलाकर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया नमन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोनी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रंजीता धामा ने शनिवार को नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न कॉलोनियों, संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान देशभक्ति के नारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका सभागार में ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज प्रेम नगर, घोड़ा गेट पावी, डीएलएफ ए ब्लॉक, डीएलएफ डी ब्लॉक सोसायटी, ग्रीन एकेडमी डाबर तालाब, उत्तरांचल विहार सोसायटी, इंद्रापुरी, जवाहर नगर, शांतिनगर बेहटा गांव तथा कैंप कार्यालय बेहटा हाजीपुर सहित विभिन्न स्थानों पर रंजीता धामा ने तिरंगा फहराया।
नगर पालिका परिषद में ध्वजारोहण के उपरांत अध्यक्ष रंजीता धामा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। विभिन्न कार्यक्रमों में क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन भी है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों तक का बलिदान दे दिया।
उन्होंने कहा कि आज देश आजादी के 80 वर्ष पूर्ण होने का गौरवपूर्ण पर्व मना रहा है। देशभर में उत्साह और हर्ष का वातावरण है। हम सभी को स्वतंत्रता के महत्व को समझते हुए राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए और देश की एकता, अखंडता एवं स्वच्छता के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष रंजीता धामा का फूल-मालाओं एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी वैभव त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता मनोज पाल, नीलम, संजीव अवाना, राजकुमार, भंडारी बाबू, समस्त सभासदगण एवं कर्मचारीगण सहित अजहर मलिक, मोहसिन मलिक, शकील मलिक, नौशाद सैफी, राशिद वारसी, प्रवीण कुमार, संतोष राय, अनुज खाटियान, मेनपाल अधाना, कल्पना, रामनिवास त्रिपाठी, नेहा मैडम, रीता ठाकुर, अनुराधा मिश्रा, ज्योति रानी, नेहा त्यागी, सरताज अली खान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



