गोड्डा

नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, अब तक 34 गिरफ्तार

अब तक 60 किलो गांजा और 126 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान तेज कर दिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के पर्यवेक्षण में गठित एंटी-नारकोटिक्स टीम ने अब तक 14 मामले दर्ज कर 34 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 60 किलोग्राम गांजा और 126 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने जिलेवासियों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि ब्राउन शुगर, गांजा या किसी भी अन्य मादक पदार्थ की बिक्री, खरीद, सेवन, भंडारण और तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का कारोबार समाज और खासकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। इसलिए आम नागरिक, युवा, अभिभावक और जागरूक लोग अपने आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या भंडारण की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सूचना देने वालों की सुरक्षा के लिए Witness Protection Scheme, 2018 के अनुरूप आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।
एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के मोबाइल नंबर 9431134801 एंव पु०अ०नि० शिवदयाल सिंह, थाना प्रभारी, नगर थाना गोड्डा के मोबाइल नंबर – 6201633829 पर सुचना दिया जा सकता है। एसडीपीओ ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिलेवासियों से एकजुट होकर नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने और गोड्डा को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button