
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता के दौरान एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ Zero Tolerance Policy के तहत लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में राजाभीठा थाना क्षेत्र के ग्राम राजाभीठा में छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने संदीप मंडल, पिता स्व. दुर्योधन मंडल के घर पर छापेमारी कर करीब 1.4 किलोग्राम गांजा, 76 पीस सॉल्यूशन/एडहेसिव तथा एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक नापतौल मशीन बरामद किया। पुलिस के अनुसार, सॉल्यूशन/एडहेसिव का दुरुपयोग कुछ छोटे बच्चों एवं किशोरों द्वारा इनहेलेंट के रूप में नशे के लिए किया जा रहा है। मामले में राजाभीठा थाना में NDPS Act की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर संदीप मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। गोड्डा पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध कारोबार से जुड़ी सूचना मिलने पर नागरिक निकटतम थाना या गोड्डा पुलिस को गोपनीय रूप से सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात पुलिस ने कही है। छापेमारी दल में SDPO आकाश भारद्वाज, अंचल अधिकारी बोआरीजोर केदारनाथ सिंह, पुलिस निरीक्षक दिनेश महली, नाफिस प्रभारी मनोहर कुमार, राजाभीठा थाना प्रभारी रामदेव वर्मा सहित पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।



