
हरिद्वार । स्वामी रामदेव हरिद्वार में संत समागम में एक राष्ट्र-एक चुनाव पर संवाद कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेता कंगना की ओर से उन पर दिए गए बयानों पर पलटवार किया। इसके साथ ही उन्होंने ह्यवन नेशन वन इलेक्शन लागू होने से देश में शिक्षा और विकास के क्षेत्र में बदलाव आने की बात कही।
कंगना रनौत और स्वामी रामदेव के बीच चल रही जुबानी जंग पर रामदेव ने फिर पलटवार किया। उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए बिना नाम लिए कहा कि देखो जिन लोगों के बारे में…अभी क्या बोलूं, मैं विवाद को बढ़ावा नहीं देना चाहता। स्वामी रामदेव क्या है, ये देश जानता है। स्वामी रामदेव का योगदान क्या है, ये देश जानता है। इसलिए मैं ओछे लोगों के बारे में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।
बता दें कि हाल ही में बाबा रामदेव ने कुछ दिनों पहले सरकारी नौकरी के इंटरव्यू में गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाया था। इस पर उनकी आंदोलन वाली चेतावनी पर कंगना ने तंज कसा था। जिसके बाद से ही दोनों के बीच जुबानी जंग चल रही है।
योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन लागू होने से शिक्षा और विकास के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आ सकता है। बार-बार चुनाव होने से साल के कई महीने चुनावी प्रक्रिया में निकल जाते हैं और शिक्षकों समेत सरकारी कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी के कारण विकास कार्य भी प्रभावित होते हैं। कहा कि एक साथ चुनाव होने से शिक्षक बच्चों को ज्यादा समय दे सकेंगे और सरकारें विकास पर अधिक ध्यान केंद्रित कर पाएंगी।



