सिंगरौली

उल्टे तिरंगे की फोटो शेयर करने का मामला

विधायक रामनिवास शाह पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस का कोतवाली में प्रदर्शन

शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दिया धरना, मुकदमा दर्ज करने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगे के कथित अपमान को लेकर सिंगरौली में राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और महिलाएं कोतवाली थाना परिसर पहुंचे और धरना देकर जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के दिन एक विद्यालय में छात्राओं द्वारा उल्टा तिरंगा लगाए जाने की तस्वीर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के फेसबुक अकाउंट से साझा की गई थी। कांग्रेस का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े इस मामले में पुलिस को संज्ञान लेकर विधायक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक रामनिवास शाह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुकदमा दर्ज करने और जांच कर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता और सभी के लिए कानून समान होना चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले बैढ़न मंडल भाजपा अध्यक्ष सौरभ गुप्ता की शिकायत पर कांग्रेस पार्षद अनिल कुमार वैश्य के खिलाफ तिरंगे को उल्टा प्रदर्शित करने के मामले में बैढ़न थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया था। इसी कार्रवाई का हवाला देते हुए कांग्रेस ने अब विधायक रामनिवास शाह के खिलाफ भी समान कार्रवाई की मांग उठाई है।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि यदि आम कार्यकर्ता के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव से जुड़े मामले में कार्रवाई हो सकती है तो जनप्रतिनिधियों के लिए भी वही नियम लागू होने चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
वहीं पूरे मामले को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले में आगे की कार्रवाई शिकायत और जांच के आधार पर होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button