मथुरा
मथुरा नगर-निगम से व्यापारी नेताओं ने त्योहारों से पूर्व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। व्यापारी नेताओं ने नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह एवं मुख्य अभियंता निर्माण संजय चौहान से मुलाकात की। उन्होंने आगामी रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और राधा अष्टमी आदि त्योहारों को देखते हुए व्यापारी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर की विभिन्न समस्याओं की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कर शीघ्र समाधान की मांग की। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महानगर महामंत्री शशिभानु गर्ग के नेतृत्व में घीया मंडी व्यवसायी समिति के प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं पर चर्चा की। शशिभानु गर्ग ने कहा कि त्योहारों पर देश-विदेश से करीब एक करोड़ श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में नगर की सड़कों की बदहाली, जगह-जगह गड्ढे, प्रकाश की समुचित व्यवस्था न होने और शौचालयों की कमी से श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। उन्होंने सीएम ग्रिड योजना में बन रही सड़कों के साथ दोनों तरफ नाली व फुटपाथ का निर्माण तथा मसानी चौराहे से भूतेश्वर चौराहे तक जर्जर सड़क का तत्काल निर्माण कराने की मांग की। समिति के अध्यक्ष अजय खंडेलवाल व महामंत्री धर्मवीर अग्रवाल ने बताया कि रेलवे स्टेशन व बस अड्डे से विश्व प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर और यमुनाजी जाने के लिए श्रद्धालु घीया मंडी से गुजरते हैं। बाजार में जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने वर्षों से जर्जर प्याऊ का नवनिर्माण कराकर उसमें सबमर्सिबल व आरओ प्लांट लगाने, व्यापारियों, श्रद्धालुओं व राहगीरों की सुविधा के लिए मूत्रालय बनवाने तथा अन्य बाजारों की तरह घीया मंडी क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था शुरू कराने की मांग की। इस दौरान मंत्री अमित अग्रवाल, संजय शर्मा, कोषाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद रहे।



