गोड्डा
एसआईआर को लेकर दूसरे मेहरमा में दावे-आपत्तियों पर सुनवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेहरमा। विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर मेहरमा प्रखंड कार्यालय सभागार में मंगलवार को दूसरे दिन भी दावा-आपत्ति पर सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मतदाताओं की सही पहचान सुनिश्चित करते हुए योग्य लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा अयोग्य नामों को सूची से हटाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अजीत सिंह सहित एसआईआर कार्य से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दावा-आपत्ति से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।इस अवसर पर बीडीओ अभिनव कुमार ने मेहरमा प्रखंड क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी मतदाता को सुनवाई के लिए नोटिस प्राप्त होता है तो वह नोटिस में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और निर्धारित तिथि एवं स्थान पर सूचीबद्ध 12 दस्तावेजों में से कोई एक आवश्यक दस्तावेज लेकर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा अधिकृत पदाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर दस्तावेज प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि मेहरमा प्रखंड का एक भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से नहीं छूटे और किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में न रहे, इसके लिए प्रखंड प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने मतदाताओं से निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपील की। बीडीओ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका है। मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। प्रखंड प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके।



