बेतुल

बैतूल ओबीसी की जातिवार गणना की मांग को लेकर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने किया प्रदर्शन

राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। जनगणना-2027 में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जातिवार जनसंख्या की सटीक एवं वैज्ञानिक गणना और ओबीसी के लिए पृथक कॉलम की मांग को लेकर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला इकाई बैतूल ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता डॉ. बी.आर. आंबेडकर चौक, नेहरू पार्क (सदर) में एकत्र हुए और जनगणना में ओबीसी की वास्तविक संख्या दर्ज करने की मांग को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन कलेक्टर बैतूल के माध्यम से सौंपा गया।
मोर्चा ने मांग की कि जनगणना-2027 में एससी-एसटी की तर्ज पर ओबीसी के लिए भी अलग विकल्प अथवा कॉलम निर्धारित किया जाए। संगठन का कहना है कि ओबीसी की जातिवार जनसंख्या का सटीक आंकड़ा सामने आने के लिए गणना की प्रक्रिया वैज्ञानिक, पारदर्शी और एकरूप होनी जरूरी है।
संगठन ने ओपन कॉलम व्यवस्था को समाप्त कर राज्यवार आधिकारिक मास्टर जाति निर्देशिका तैयार करने तथा प्रत्येक जाति को विशिष्ट यूनिक कोड देने की मांग की। इसके साथ ही जाति संबंधी आंकड़ों के संकलन और सत्यापन की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं वैज्ञानिक बनाए जाने पर जोर दिया गया।
मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में ओपन कॉलम व्यवस्था के कारण जातियों के नाम अलग-अलग तरीके से दर्ज होने से आंकड़ों में भ्रम की स्थिति बनी। इसका सीधा असर ओबीसी वर्ग की वास्तविक जनसंख्या के आकलन और उससे जुड़े अधिकारों पर पड़ता है। इसलिए जनगणना-2027 में ओबीसी की जातिवार गणना को स्पष्ट और व्यवस्थित तरीके से शामिल किया जाना आवश्यक है।
– 2 सितंबर से क्रमिक धरने की चेतावनी
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो 2 सितंबर से जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर राष्ट्रव्यापी अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। संगठन ने सरकार से जनगणना-2027 में ओबीसी के लिए पृथक कॉलम और सटीक जातिवार गणना सुनिश्चित करने की मांग की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button