
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। पथरगामा पंचायत सचिवालय में आयोजित मैपिंग जनसुनवाई के दौरान बूथ संख्या 159 की बीएलओ गौरी मिश्रा के अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के दौरान बीएलओ की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारी ने मामले में रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजने तथा नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। बताया गया कि निर्धारित मैपिंग जनसुनवाई में बीएलओ गौरी मिश्रा की उपस्थिति आवश्यक थी, लेकिन वह मौके पर उपस्थित नहीं थीं। उनके स्थान पर पर्यवेक्षक शैलेश ठाकुर ने निर्वाचन संबंधी कार्यों का निष्पादन किया। स्थानीय स्तर पर यह भी बताया गया कि संबंधित बीएलओ पिछले कई दिनों से अपने निर्धारित बूथ से अनुपस्थित चल रही हैं।
पंचायत सचिव शैलेश ठाकुर ने बताया कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है। वरीय पदाधिकारी को सूचित किए बिना निर्धारित बूथ से अनुपस्थित रहना निर्वाचन कार्य के प्रति लापरवाही माना जा सकता है। मामले की जानकारी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी निशा तिर्की को दी गई। जानकारी मिलने के बाद निशा तिर्की ने पंचायत सचिव को संबंधित बीएलओ की अनुपस्थिति के संबंध में रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजने तथा नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही। इधर, आयोजित मैपिंग जनसुनवाई में कुल 151 लोगों को नोटिस जारी किया गया था, जिसमें 125 लोग उपस्थित होकर अपनी बात रखी। अनुपस्थित लोगों के संबंध में भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। पंचायत सचिव ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित बीएलओ की अनुपस्थिति के मामले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी के स्तर से जांच के बाद निर्वाचन संबंधी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है।



