
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कर्माटांड़। घेाषबाद में जश्ने ईद मिलादुन्नबी बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया और जश्ने ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर बुधवार को प्रखंड कर्माटांड़ के विभिन्न गांवों से मोहम्मदी जुलूस निकाला गया। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की पैदाइश की खुशी में निकाले गए इस जुलूस में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
जुलूस को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और किसी भी तरह की अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन की मौजूदगी के बीच लोगों ने भी संयम और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए शांतिपूर्वक जुलूस निकाला।
जुलूस के दौरान लोगों ने अमन, शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं बल्कि इंसानियत, मोहब्बत शांति और भाईचारे का पैगाम देने का भी मौका है।
इस अवसर पर लोगों ने देशवासियों को जश्ने ईद मिलादुन्नबी और माह-ए-रबीउल अव्वल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा मुल्क विविधताओं से भरा हुआ है। यहां हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी मिलकर रहते हैं और एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होते हैं।
लोगों ने आपसी एकता और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देते हुए कहा कि मजहब अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत और देश हम सभी का साझा है। जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में ग्रामीणों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर कर्माटांड़ से निकला यह मोहम्मदी जुलूस खुशी के साथ-साथ अमन, एकता और भाईचारे का मजबूत पैगाम देता नजर आया।



