खेत में खड़ी ज्वार चोरी से काटकर ले जाने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गुर्जरपुर निवासी एक किसान ने एक व्यक्ति पर खेत में खड़ी ज्वार चोरी से काटकर ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित किसान ने थाने पर तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को गांव गुर्जरपुर निवासी किसान राशिद पुत्र लतीफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने खेत पर गया था। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक उसके खेत में खड़ी ज्वार को काटकर ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर ले जा रहा था।
किसान का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की। पीड़ित ने बताया कि इससे पहले भी उसके खेत से कई बार ज्वार चोरी हो चुकी है।
पीड़ित किसान ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


